सफाईकर्मियों के हड़ताल से डुमरांव के सड़को पर लगा कूड़े का ढेर

सफाईकर्मियों के हड़ताल से डुमरांव के सड़को पर लगा कूड़े का ढेर

केटी न्यूज/डुमरांव 

शहर की सड़कें हो या गलियां हर तरफ कूड़ा और गंदगी का ढेर ही दिखेगा। दैनिक वेतन को लेकर सफाईकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गये है। ऐसी स्थिति में कूड़े की बदबू से सड़क पर चलना दुश्वार बन गया है। सफाईकर्मियों ने अपने नियमित तय वेतन देने में आनाकानी करने पर एनजीओ के खिलाफ आक्रोश जताया है। हालांकि शहर को इस नारकीय

स्थिति से बचाने के लिए नगर परिषद प्रशासन ने एनजीओ को वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। सफाईकर्मियों के हड़ताल पर जाने से हर तरफ कूड़े का अंबार लगा है। कई जगहों पर कूड़े के ढेर पर जानवर भी विचरने लगे है। शहर के मुख्य सड़कों पर कई जगह फेंके गये सड़े गले फल और सब्जियों के कारण बदबू भी उठने लगी है। इस परिस्थिति में लोग नाक पर रुमाल रखने को विवश है। कूड़े का उठाव ठप होने से घर-घर बांटे गए डस्टबीन भी कचड़ों से भर गया है। घर की महिलाएं

परेशान है कि इसे कहां फेके। दरअसल नगर परिषद क्षेत्र के वार्डाे में करीब 18 से 20 टन कचरे का उठाव होता है जिसमे घरों के कचरे भी शामिल है। इसके निस्तारण को लेकर दैनिक और एनजीओ के मजदूर कार्यरत हैं। सफाईकर्मी संजय सिंह, गोधन डोम, त्रिलोकी, सुदामा, ललन, रवि, जीतन, छठु, मुकेश, गोरख, रवि, कृष्णा, झाबर, राजू, सरोज, दीपक, विनोद आदि ने बताया कि एनजीओ द्वारा जब तक बकाया राशि का भुगतान नही किया जाता तब तक हड़ताल जारी रहेगा।